नागपुर : हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट जल्द ही नागपुर में पहली से 12वीं तक की अत्याधुनिक सेल्फ फाइनेंस स्कूल शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष प्यारे जिया खान ने मुंबई में राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे से मुलाकात कर आवश्यक अनुमति देने का अनुरोध किया। इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव भी उन्हें सौंपा गया।
प्रस्ताव के अनुसार, ट्रस्ट के पास करीब 48 एकड़ जमीन और लगभग तीन लाख वर्ग फुट निर्मित क्षेत्र उपलब्ध है। इसी परिसर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्कूल स्थापित करने की योजना है। इस स्कूल का उद्देश्य अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान और कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, डिजिटल लर्निंग सिस्टम, विशाल सभागार और पर्यावरण अनुकूल परिसर जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। ट्रस्ट का कहना है कि यह केवल एक स्कूल नहीं, बल्कि विदर्भ में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का एक नया केंद्र होगा।
इस अवसर पर प्यारे जिया खान ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। ट्रस्ट लंबे समय से स्वास्थ्य, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। अब आधुनिक शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर आधारित विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस जनहित के प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेकर हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।


