मुंबई: खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और क्लबों के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
एफडीए की ओर से राज्यभर में 31 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 34 लाख 87 हजार 603 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री, वितरण और परिवहन से जुड़े 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक प्रतिष्ठान को सील किया गया, जबकि तीन वाहनों को भी जब्त किया गया।
जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई जगहों पर गंदगी, एक्सपायरी खाद्य पदार्थ, गलत जानकारी वाले लेबल, कॉकरोच और चूहों का प्रकोप, कोल्ड चेन व्यवस्था में खामियां और जरूरी दस्तावेजों की कमी पाई गई। इन कमियों को देखते हुए संबंधित छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
नरीमन पॉइंट स्थित ‘फ्लिंट एंड वार्सा’ रेस्टोरेंट में गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थ मिले, जबकि एक्सपायरी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, बोरीवली की एक बेकरी में मरम्मत कार्य के दौरान ही खाद्य उत्पादन जारी था और वहां भारी गंदगी भी मिली। इसके अलावा भांडुप, सांताक्रूज, अंधेरी और बांद्रा स्थित प्रतिष्ठानों में भी साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन और ग्राहक शिकायत निवारण व्यवस्था में गंभीर खामियां पाई गईं।


