नागपुर: नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-02 ने वाडी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने एक महिला को झूठे ड्रग्स मामले में फंसाने की साजिश रची थी। आरोपी की पहचान 37 वर्षीय गोपाल झोडगे, निवासी म्हालगी नगर के रूप में हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाडी थाना क्षेत्र के साहिल कॉम्प्लेक्स, तवक्कल लेआउट, काटोल बायपास रोड पर एक महिला की दोपहिया वाहन में एमडी ड्रग्स रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की, जिसमें फुटरेस्ट के नीचे करीब 8.9 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ।
हालांकि, महिला ने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि महिला के वाहन खड़ा करने के बाद आरोपी गोपाल झोडगे ने ही चोरी-छिपे उसके फुटरेस्ट के नीचे एमडी ड्रग्स की पुड़ियां रखीं और पुलिस को झूठी सूचना देकर महिला को फंसाने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.9 ग्राम एमडी पाउडर (करीब 45 हजार रुपये), एक मोबाइल फोन (10 हजार रुपये) और एक मोपेड बाइक (30 हजार रुपये) सहित कुल 85 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(ब) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 231, 233 और 241 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच वाडी पुलिस कर रही है।


