नांदेड़ : मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर नांदेड़ उत्तर के शिवसेना विधायक बालाजी कल्याणकर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी तरह की त्रुटि न रहे, इसके लिए शिवसैनिकों को तळागाळ तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करना होगा।
केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे एसआईआर अभियान की तैयारियों को लेकर शिवसेना की ओर से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक बालाजी कल्याणकर ने आगामी कार्ययोजना, अभियान की रूपरेखा और बूथ स्तर पर प्रभावी अमल को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में होना बेहद जरूरी है और इस जिम्मेदारी को हर शिवसैनिक गंभीरता से निभाए।
बैठक में संध्याताई कल्याणकर, जिला प्रमुख गंगाधर बडूरे, उमेश मुंडे, गटनेता संदीप सिंह गाड़ीवाले, तालुका प्रमुख नारायण कदम, महिला आघाड़ी प्रमुख अपर्णा नेरलकर, व्यंकट मुदिराज, दर्शनसिंह सिद्धू, नगरसेवक योगेश मुंडे, शहर प्रमुख उमेश दिघे, माधुरी पाळेकर, दीपा थोरवट, शिरीष खोंडे, धनंजय पावडे, गणेश बोकारे, धम्मपाल कदम सहित शिवसेना के आजी-माजी नगरसेवक, शाखा प्रमुख, उपशाखा प्रमुख, विभाग प्रमुख, पूर्व सरपंच, सदस्य और नव नियुक्त बीएलए बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


