मुंबई : मुंबई के भाईंदर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। कार चलाते समय अचानक एयरबैग खुलने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा भाईंदर के प्लेजंट पार्क इलाके में हुआ, जिसके बाद वाहन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय मोहित सोनी के रूप में हुई है, जो भाईंदर के प्लेजंट पार्क क्षेत्र का निवासी था। जानकारी के अनुसार, मोहित अपनी कार से सफर कर रहा था। इसी दौरान बिना किसी बड़े टक्कर या सड़क हादसे के कार का एयरबैग अचानक खुल गया। एयरबैग खुलने के तेज झटके से उसकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी। घटना के बाद मोहित की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। साथ ही संबंधित कार की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। एयरबैग आखिर किस वजह से खुला, इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी, वाहन के सेंसर में कोई दोष था या फिर कोई अन्य कारण, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


