मुंबई: सोना और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। गुरुवार को भी एमसीएक्स पर दोनों की कीमतों में बड़ी कमी दर्ज की गई। सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम करीब 1,450 से 1,900 रुपये तक की गिरावट देखने को मिली, जबकि चांदी के दाम भी काफी नीचे आ गए हैं।आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 34 हजार 10 रुपये से 1 लाख 44 हजार 330 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बनी हुई है। वहीं 22 कैरेट सोना 1 लाख 30 हजार 997 रुपये से 1 लाख 32 हजार 440 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। चांदी की कीमत में भी नरमी बनी हुई है और एक किलो चांदी का भाव 2 लाख 45 हजार रुपये से 2 लाख 55 हजार रुपये के बीच है।
बुधवार को भारतीय बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव 1 लाख 42 हजार 178 रुपये तक पहुंचा था, जबकि चांदी 2 लाख 22 हजार 35 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी। वहीं एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव 1 लाख 41 हजार 100 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2 लाख 12 हजार 697 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। पिछले तीन वर्षों में सोने ने निवेशकों को लगातार शानदार रिटर्न दिया था और इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो गई थी। हालांकि जनवरी के आखिर से बाजार का रुख बदलता नजर आ रहा है। सोने ने एक समय 5,600 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छुआ था, लेकिन जून तक इसमें करीब 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों का असर भी सोने की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। अमेरिका में महंगाई और ब्याज दरों को लेकर अपनाए जा रहे सख्त रुख के कारण डॉलर मजबूत हुआ है, जिससे सोने और चांदी पर दबाव बढ़ा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी का माहौल देखने को मिला। बुधवार को सोना करीब 3.8 प्रतिशत गिरकर 3,960 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गया। न्यूयॉर्क में स्पॉट गोल्ड में 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी के दाम 6.9 प्रतिशत तक लुढ़क गए। इसी दौरान अमेरिकी डॉलर भी एक सप्ताह में करीब 1 प्रतिशत मजबूत हुआ है। सोना-चांदी की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट ने बाजार का माहौल बदल दिया है। लगातार तीन साल की तेजी के बाद अब निवेशकों की नजर आने वाले दिनों के रुझान पर टिकी हुई है।


