मुंबई : मुंबई में आखिरकार मानसून ने जोरदार एंट्री कर ली है। शहर और उपनगरों में लगातार हो रही भारी बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिली है, लेकिन इसके साथ ही रोजमर्रा की जिंदगी भी काफी प्रभावित हुई है। कई इलाकों में पानी भर जाने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं और यातायात पूरी तरह से प्रभावित नजर आ रहा है।
पूर्व और पश्चिम उपनगरों से मुंबई आने वाले प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। कुर्ला-चुनाभट्टी इलाके में वाहनों की कतारें कई किलोमीटर तक लगी रहीं। ऑफिस और काम पर जाने के लिए निकले लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। बोरिवली से मुंबई की ओर आने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। सामान्य दिनों में 15 से 20 मिनट का सफर तय करने वाले लोगों को आज डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग रहा है।
गांधी मार्केट, किंग्ज सर्कल और दादर टीटी जैसे इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई। कई छोटी गाड़ियां और दोपहिया वाहन पानी में फंस गए, जबकि कुछ जगहों पर बसें भी बंद पड़ गईं। लोगों को पानी से भरी सड़कों के बीच रास्ता बनाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने मुंबई को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले क्षेत्र पानी में डूब गए।लगातार बारिश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।


