नागपुर ऑफिसर्स इलेवन ने बिलासपुर को हराकर जीता टी-20 मुकाबला

नागपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की इंटर डिवीजनल ऑफिसर्स स्पोर्ट्स मीट के अंतर्गत नागपुर और बिलासपुर मंडल के अधिकारियों के बीच खेला गया टी-20 क्रिकेट मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) के सिविल लाइंस स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नागपुर ऑफिसर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर ऑफिसर्स इलेवन को 4 विकेट से पराजित कर जीत अपने नाम की। मैच के दौरान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बिलासपुर ऑफिसर्स इलेवन ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। टीम की ओर से अरविंद ने 27 रन बनाकर सबसे बड़ा योगदान दिया। वहीं समीर माथुर ने 17, हरीश ने 13 और अतुल ने 11 रन जोड़े। नागपुर की ओर से गेंदबाजी में अमित कुमार ने 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा लोकेश शर्मा, आयुष खरे, दिलीप सिंह, दीपक कुमार और तन्मय मुखोपाध्याय ने एक-एक विकेट लेकर बिलासपुर की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।
127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागपुर ऑफिसर्स इलेवन ने आक्रामक और संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में दिलीप सिंह ने 33 गेंदों में 37 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई। उन्हें लोकेश शर्मा (30 रन), आयुष खरे (21 रन) और अरविंद शॉ (12 रन) का अच्छा साथ मिला। बिलासपुर की ओर से राहुल गर्ग ने 2 विकेट लिए। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में दीपक कुमार गुप्ता ने दोनों टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय को मजबूत बनाती हैं।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दिलीप सिंह, जो वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरिष्ठ खेल अधिकारी हैं, उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं लोकेश शर्मा को ‘बेस्ट बैटर’ और राहुल गर्ग को ‘बेस्ट बॉलर’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अनिरुद्ध सरवटे, राधे शुक्ला, रितेश इनुमुल्ला, अमित एंथनी और विपिन मदने की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस आयोजन ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिकारियों के बीच सौहार्द और खेल भावना को और मजबूत किया।

Related Posts

योग से पहले स्वच्छता का संकल्प, मनपा ने चमकाए शहर के योग स्थल

नागपुर, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से पहले नागपुर महानगरपालिका ने शहर के विभिन्न योग स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।…

योग संगम में जुटे रेलवे कर्मचारी, दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

नागपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की ओर से मोतीबाग स्थित रेलवे खेल संघ स्टेडियम में “योग संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया…