मुंबई : मुंबई के यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। शहर में जल्द ही ‘देवाभाऊ टैक्सी सेवा’ शुरू होने जा रही है, जो ओला, उबर और रैपिडो जैसी निजी कैब सेवाओं का विकल्प बन सकती है। इस नई सेवा का उद्देश्य यात्रियों को किफायती दरों पर सफर की सुविधा देना और साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।
यह पहल भाजपा विधायक प्रवीण दरेकर की संकल्पना पर आधारित है। जानकारी के अनुसार, मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में ‘भारत टैक्सी’ मॉडल की तर्ज पर देवाभाऊ सेवा सहकारी टैक्सी और छावा टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना को लेकर संबंधित विभागों के साथ चर्चा पूरी हो चुकी है। परिवहन विभाग की ओर से भी आवश्यक नीति तैयार की गई है। योजना के पहले चरण में मुंबई महानगर क्षेत्र में करीब 2,000 से 5,000 टैक्सियां शुरू की जाएंगी। वहीं, भाजपा विधायक प्रसाद लाड ने बताया कि मुंबई बँक के माध्यम से लगभग 3,000 युवाओं को टैक्सी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। इसके लिए विभिन्न संस्थानों, होटल समूहों और एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ प्राथमिक स्तर पर बातचीत भी की गई है।
योजना के तहत युवाओं को आवश्यक परमिट और व्यवसाय शुरू करने में मदद दी जाएगी। माना जा रहा है कि इस पहल से हजारों परिवारों की आय बढ़ेगी और मुंबई के यात्रियों को एक नया, सस्ता और सुविधाजनक सफर विकल्प मिलेगा। अब मुंबईकरों की नजर इस बात पर टिकी है कि देवाभाऊ टैक्सी सेवा आखिर कब से सड़कों पर दौड़ती नजर आएगी।


