बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी करीना कपूर और सैफ अली खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ है। असल जिंदगी में पति-पत्नी की यह जोड़ी पहली बार कपिल शर्मा के शो में एक साथ नजर आने वाली है। दोनों को एक साथ हंसी-मजाक करते देखना फैंस के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं होगा।
17 अक्टूबर को आएगा खास एपिसोड
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के पांचवें सीजन में करीना कपूर और सैफ अली खान की एंट्री होने जा रही है। इस खास एपिसोड का प्रीमियर 17 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर होगा। शो में दोनों अपने मजेदार अंदाज में बातचीत करते और हंसी की महफिल सजाते नजर आएंगे। कपिल शर्मा के शो में अब तक बॉलीवुड से लेकर क्रिकेट जगत तक की कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत कर चुकी हैं। ऐसे में करीना और सैफ की जोड़ी को एक साथ देखना दर्शकों के लिए खास होने वाला है। दोनों अक्सर अलग-अलग कार्यक्रमों में दिखाई देते हैं, लेकिन इस बार पहली बार कॉमेडी के मंच पर उनकी जोड़ी का अलग अंदाज देखने को मिलेगा।
करीना का खूबसूरत अंदाज, सैफ का रॉयल लुक
इस खास एपिसोड की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं, जिनमें दोनों का लुक चर्चा का विषय बना हुआ है। करीना कपूर लाल रंग के बांधनी सलवार-सूट में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उनके आउटफिट के गले पर सुनहरी कढ़ाई की गई थी। बड़े झुमके और हाथों में चूड़ियों ने उनके लुक को और भी आकर्षक बना दिया। वहीं, सैफ अली खान हमेशा की तरह अपने शाही अंदाज में दिखाई दिए। उन्होंने काली शर्ट, पैंट और काला वेस्टकोट पहना था। दोनों का यह अंदाज उनके प्रशंसकों को खूब पसंद आ सकता है।
इंस्टाग्राम से दूरी बनाने वाले सैफ का खास खुलासा
सैफ अली खान की चर्चा सिर्फ शो में उनकी एंट्री को लेकर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया को लेकर भी हो रही है। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना आधिकारिक अकाउंट शुरू किया और पहली पोस्ट में पटौदी लाइब्रेरी की झलक दिखाई। एक इंटरव्यू में सैफ ने बताया था कि उन्हें इंस्टाग्राम पर लगातार स्क्रॉल करना खास पसंद नहीं है। हालांकि, इसी बातचीत में उन्होंने अपने एक गुप्त सोशल मीडिया अकाउंट होने का भी खुलासा किया था। दिलचस्प बात यह है कि सैफ अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से केवल एक ही व्यक्ति को फॉलो करते हैं और वह हैं उनकी पत्नी करीना कपूर।
अब दर्शकों को इंतजार है 17 अक्टूबर का, जब कपिल शर्मा के मंच पर बॉलीवुड की इस बेगम-नवाब की जोड़ी का मजेदार अंदाज देखने को मिलेगा। पर्दे पर अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीतने वाले करीना और सैफ इस बार अपनी बातचीत और मस्ती से दर्शकों को कितना हंसाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।


