मोमोज़ का नाम सुनते ही स्ट्रीट फूड की याद आ जाती है। लेकिन अब इन्हें खाने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं। थोड़ी-सी तैयारी के साथ आप घर पर ही गर्मागर्म और स्वादिष्ट मोमोज़ बना सकते हैं। खास बात यह है कि इसमें अपनी पसंद की सब्जियां डालकर स्वाद को और भी मजेदार बनाया जा सकता है।
मोमोज़ बनाने के लिए सामग्री
मोमोज़ के आटे के लिए:
– 2 कप मैदा
– आधा चम्मच नमक
– जरूरत के अनुसार पानी
भरावन के लिए :
– 1 कप बारीक कटी पत्तागोभी
– आधा कप बारीक कटी गाजर
– आधा कप बारीक कटा प्याज
– 2 बारीक कटी हरी मिर्च
– 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
– 1 चम्मच सोया सॉस
– आधा चम्मच काली मिर्च
– नमक स्वादानुसार
– 1 चम्मच तेल
ऐसे बनाएं मोमोज़
सबसे पहले मैदा, नमक और पानी की मदद से नरम आटा गूंध लें। आटे को ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए रख दें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें। इसके बाद प्याज, गाजर और पत्तागोभी डालें। तेज आंच पर सब्जियों को कुछ मिनट तक चलाते हुए पकाएं, ताकि उनका हल्का क्रंच बना रहे। अब इसमें सोया सॉस, काली मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। गैस बंद करके भरावन को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पतला बेल लें। बीच में तैयार भरावन रखें और किनारों को मोड़कर मोमोज़ का आकार दें।
स्टीमर में पानी गर्म करें और मोमोज़ को स्टीमर प्लेट पर रखें। करीब 10 से 12 मिनट तक भाप में पकाएं। जब मोमोज़ की बाहरी परत हल्की चमकदार और नरम दिखाई देने लगे, तो समझिए मोमोज़ तैयार हैं।
अब आएगा असली मजा!
गर्मागर्म मोमोज़ को तीखी लाल चटनी और हल्की-सी मसालेदार चटनी के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डाल दें। घर में बने ये मोमोज़ शाम की चाय के साथ हों या दोस्तों के साथ छोटी-सी पार्टी में—हर बार प्लेट जल्दी खाली होने वाली है!
टिप : भरावन में पनीर, शिमला मिर्च या अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी मिला सकते हैं।


