मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच होर्मुझ की जलडमरूमध्य में एक ऑयल टैंकर पर मिसाइल हमला होने की खबर सामने आई है। कुवैत के झंडे वाले इस तेल टैंकर को अज्ञात स्थान से मिसाइल से निशाना बनाया गया। हमले के बाद जहाज पर मौजूद पांच भारतीय कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर बचाव अभियान चलाया। इस अभियान के बाद टैंकर पर मौजूद सभी पांच भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकालकर किनारे लाया गया। भारतीय दूतावास ने बचाव कार्य में सहयोग के लिए ओमान के स्थानीय अधिकारियों का आभार जताया है। दूतावास की ओर से हमले की परिस्थितियों या इसके पीछे किसका हाथ था, इसे लेकर फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
बढ़ते तनाव के बीच जहाजों की सुरक्षा चिंता का विषय
होर्मुझ की जलडमरूमध्य पर्शियन गल्फ को ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ती है। कच्चे तेल की आवाजाही के लिहाज से यह दुनिया के बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल है। ऐसे में इस क्षेत्र में जहाजों पर बढ़ते हमलों की घटनाएं सिर्फ समुद्री सुरक्षा का मुद्दा नहीं हैं, बल्कि इसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला पर भी पड़ सकता है। इस घटना में पांच भारतीय नाविकों के सुरक्षित बच निकलने से उनके परिवारों ने राहत की सांस ली है।


