यूक्रेन की राजधानी कीव में शनिवार सुबह एक बार फिर बड़ा हमला हुआ। रूसी हवाई हमले के दौरान शहर के Northern Bridge को निशाना बनाया गया। कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को के मुताबिक, हमले में पुल की सड़क की सतह और ट्रॉलीबस की ओवरहेड बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद पुल पर यातायात रोक दिया गया और आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया।
इस हमले का असर सिर्फ पुल तक सीमित नहीं है, बल्कि कीव के रोजमर्रा के सफर पर भी पड़ा है। Northern Bridge द्निप्रो नदी के दोनों किनारों को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। ऐसे में पुल बंद होने से उन लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिन्हें रोजाना शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक जाना पड़ता है। खास बात यह है कि Northern Bridge पर हमला ऐसे समय हुआ है, जब पिछले दो दिनों से Southern Bridge भी रूसी ड्रोन हमलों की चपेट में है। Southern Bridge पर बार-बार हमलों के बाद वहां यातायात प्रभावित हुआ था। इसके साथ ही शहर के दूसरे प्रमुख पुलों पर भी आवाजाही को लेकर प्रतिबंध लगाए गए, जिससे कीव में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।
यानी कुछ ही दिनों में कीव के लिए पुलों पर हमले सिर्फ युद्ध से जुड़ी खबर नहीं रहे, बल्कि लोगों के रोजमर्रा के सफर का संकट बनते दिख रहे हैं। एक पुल बंद होता है तो दूसरे रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और काम पर जाने वाले लोगों का सफर लंबा हो जाता है। शनिवार के हमले में Northern Bridge को कितना नुकसान हुआ है, इसका पूरा आकलन अभी किया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कीव में लगातार हो रहे इन हमलों ने शहर के महत्वपूर्ण परिवहन और बुनियादी ढांचे को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आने वाले समय में पुलों और अन्य जरूरी सुविधाओं की सुरक्षा प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।


