हर महीने एलपीजी सिलेंडर बुक करना, डिलीवरी का इंतजार करना और सिलेंडर खत्म होने से पहले अगली बुकिंग की चिंता अब धीरे-धीरे कम हो सकती है। सरकार ने घरों तक पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) ने ‘National PNG Drive 3.0’ शुरू किया है।
यह अभियान 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलेगा। इसके तहत देशभर में करीब 50 लाख नए घरेलू PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा पहले से दिए गए, लेकिन फिलहाल इस्तेमाल में नहीं आ रहे करीब 40 लाख PNG कनेक्शनों को दोबारा सक्रिय करने का भी लक्ष्य है।
LPG सिलेंडर से कैसे अलग है PNG?
PNG यानी Piped Natural Gas पाइपलाइन के जरिए सीधे घर के किचन तक पहुंचाई जाती है। इसमें घर में LPG सिलेंडर रखने की जरूरत नहीं होती। ऐसे में सिलेंडर खत्म होने के बाद बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार करने जैसी परेशानियां कम हो सकती हैं।
घर बैठे कैसे करें PNG कनेक्शन के लिए आवेदन?
सरकार ने 1 अक्टूबर 2026 को MyPNG पोर्टल शुरू किया है। इसके जरिए लोग घर बैठे नए PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की प्रक्रिया इस तरह है—
– सबसे पहले MyPNG पोर्टल पर जाएं।
– अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP से सत्यापन करें।
– नए PNG कनेक्शन के लिए मांगी गई जानकारी भरें।
– जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करें।
– पूरी जानकारी जांचने के बाद आवेदन सबमिट करें।
– आवेदन के बाद उसका स्टेटस ऑनलाइन देखा जा सकता है।
इसके अलावा पेमेंट, पाइपलाइन लगाने और कनेक्शन एक्टिव होने से जुड़े अपडेट भी ऑनलाइन देखे जा सकेंगे।
आवेदन करते ही नहीं मिलेगा कनेक्शन
यह बात ध्यान रखना जरूरी है कि MyPNG पर आवेदन करने के बाद तुरंत PNG कनेक्शन मिलना जरूरी नहीं है। आवेदन संबंधित क्षेत्र की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के पास जाएगा। इसके बाद कंपनी उस इलाके में PNG पाइपलाइन नेटवर्क की उपलब्धता और अन्य जरूरी चीजों की जांच करेगी। इसलिए कनेक्शन मिलने में लगने वाला समय अलग-अलग इलाकों में अलग हो सकता है। खास तौर पर आपके क्षेत्र में पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है या नहीं, इसका असर कनेक्शन की प्रक्रिया पर पड़ेगा।
समस्या आए तो ऑनलाइन शिकायत भी
MyPNG पोर्टल का इस्तेमाल सिर्फ नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने तक सीमित नहीं रहेगा। आवेदन या कनेक्शन की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर ग्राहक ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे। शिकायत के बाद उस पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी पोर्टल पर देखी जा सकेगी। यानी जिन परिवारों को हर महीने LPG सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार करना पड़ता है, उनके लिए PNG कनेक्शन एक अलग विकल्प बन सकता है। हालांकि, इसका लाभ आपके इलाके में उपलब्ध पाइपलाइन नेटवर्क पर निर्भर करेगा।


