कनाडा में विमान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक हादसे में दो भारतीय छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीशरन तिरुज्ञानसंबंधम के रूप में हुई है। इस घटना की जानकारी वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से दी गई है।
दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दोनों छात्रों के निधन पर शोक व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि इस मुश्किल समय में मृत छात्रों के परिवारों और उनके करीबियों के प्रति संवेदनाएं हैं। साथ ही, दोनों के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए परिवारों को हरसंभव कांसुलर सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
हादसे की जानकारी ऐसे सामने आई
कनाडाई मीडिया सीबीसी ने शनिवार को सस्कैचेवान के किस्बे के पास एक विमान हादसे की जानकारी दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, हार्वेस एयर का सेसना 172 विमान शुक्रवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान में मौजूद दोनों लाइसेंस प्राप्त पायलटों की मौत हो गई थी। बताया गया कि दोनों पायलट अपने कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए जरूरी उड़ान घंटे पूरे करने के उद्देश्य से विमान किराए पर लेकर उड़ान भर रहे थे। विमान के निर्धारित समय तक गंतव्य पर नहीं पहुंचने के बाद कनाडा के परिवहन सुरक्षा बोर्ड को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया और शाम करीब 6 बजे विमान का मलबा मिला। हालांकि, सीबीसी द्वारा रिपोर्ट किए गए इस हादसे और भारतीय छात्रों की मौत की घटना एक ही है या नहीं, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में हादसे से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


