प्रेमानंद महाराज को मानने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ‘हनुमान अंश’ फिल्म की सफलता और उसके अगले भाग को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब प्रेमानंद महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर पर फिल्म बनाने की घोषणा की गई है। इस फिल्म का नाम ‘राधा अंश’ बताया जा रहा है।
वैष्णव किन्नर आखाड़े की जगद्गुरु शंकराचार्य हिमांगी सखी ने प्रेमानंद महाराज पर फिल्म बनाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ‘हनुमान अंश’ से उन्हें काफी प्रेरणा मिली और इसी के बाद प्रेमानंद महाराज के जीवन तथा उनके आध्यात्मिक सफर को बड़े पर्दे पर लाने का फैसला लिया गया। फिल्म की घोषणा के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि क्या विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी ‘राधा अंश’ का हिस्सा होंगे? दरअसल, दोनों की प्रेमानंद महाराज के प्रति आस्था जगजाहिर है। विराट और अनुष्का कई बार वृंदावन जाकर उनके दर्शन और आशीर्वाद लेते नजर आए हैं।
हिमांगी सखी के मुताबिक, फिल्म में प्रेमानंद महाराज के सहयोगियों द्वारा सुझाए गए कलाकारों को ही कास्ट किया जाएगा। साथ ही विराट कोहली और अनुष्का शर्मा से फिल्म के लिए उचित सहयोग लेने की बात भी कही गई है। इसके बाद दोनों के फिल्म में नजर आने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, यहां एक बात साफ है कि ‘राधा अंश’ में विराट और अनुष्का की एंट्री को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, फिल्म को प्रेमानंद महाराज या उनके शिष्यों की ओर से मंजूरी मिलने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रेमानंद महाराज के आध्यात्मिक सफर को बड़े पर्दे पर किस तरह पेश किया जाता है और क्या विराट-अनुष्का वाकई इस फिल्म का हिस्सा बनते हैं।


