मुंबई : बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित आज भी अपनी खूबसूरती और मुस्कान से लाखों दिलों पर राज करती हैं। सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार भी उनके आकर्षण से प्रभावित रहे हैं। इन दिनों अभिनेता नाना पाटेकर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में माधुरी दीक्षित के लिए अपने “एकतरफा प्यार” का जिक्र किया था।
दरअसल, कुछ साल पहले नाना पाटेकर लोकप्रिय शो ‘आप की अदालत’ में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी और माधुरी दीक्षित की सुपरहिट फिल्म ‘वजूद’ की यादें ताजा कीं। फिल्म में नाना पाटेकर ने मल्हार और माधुरी ने अपूर्वा का किरदार निभाया था, जहां कहानी एकतरफा प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती है। शो में नाना ने मुस्कुराते हुए कहा था, “वजूद फिल्म में मेरा माधुरी पर एकतरफा प्यार था। वैसे उनकी तरफ से तो प्यार होना नहीं था। उस समय मैंने जो शायरी कही थी, उसे आज भी नहीं भूला हूं।” इसके बाद उन्होंने फिल्म की मशहूर शायरी सुनाई, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
नाना पाटेकर की भावनाओं से भरी यह शायरी आज भी लोगों को उतनी ही पसंद आती है। यही वजह है कि ‘आप की अदालत’ का यह पुराना वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फैंस इस वीडियो पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और ‘वजूद’ के साथ-साथ नाना-माधुरी की जोड़ी को याद कर रहे हैं। बता दें कि ‘वजूद’ के अलावा नाना पाटेकर और माधुरी दीक्षित ने ‘मोहरे’ फिल्म में भी साथ काम किया था। दोनों कलाकारों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा था।


