भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हमेशा से खास रहा है। अब महिला एशिया कप 2026 में दोनों टीमें आमने-सामने होने वाली हैं। इस मुकाबले में भारतीय क्रिकेट फैंस की नजरें एक बार फिर स्टार ओपनर स्मृति मंधाना पर टिकी होंगी। वजह सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला नहीं, बल्कि उनके पास एक और बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।
भारतीय समयानुसार यह मुकाबला आज रात 8 बजे से खेला जाएगा। भारत पहले ही थाईलैंड और हॉन्गकॉन्ग को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया की नजर जीत के साथ-साथ अपनी लय बरकरार रखने पर होगी।
हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मंधाना का तूफान
स्मृति मंधाना ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ शानदार 124 रनों की पारी खेलकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस पारी के दौरान उन्होंने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इतना ही नहीं, 18 शतकों के साथ स्मृति महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बन चुकी हैं। अब उनकी नजर एक और बड़े रिकॉर्ड पर है।
सिर्फ 78 रन और… टूट जाएगा बड़ा रिकॉर्ड
महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्मृति मंधाना फिलहाल दूसरे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स 4,758 रन के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि स्मृति के नाम 4,681 रन हैं। यानी पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति अगर 78 रन बना लेती हैं, तो वह सुजी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन:
– सुजी बेट्स – 4,758 रन
– स्मृति मंधाना – 4,681 रन
– हरमनप्रीत कौर – 4,231 रन
– चमारी अटापट्टू – 4,094 रन
एशिया कप में भी मंधाना का जलवा
एशिया कप 2026 में स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। उन्होंने अब तक 143 रन बनाए हैं और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। वहीं शेफाली वर्मा 92 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारत ने थाईलैंड को 94 रन और हॉन्गकॉन्ग को 137 रन से हराकर अपने अभियान को मजबूत किया है। अब पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम इंडिया से एक और दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
क्या पाकिस्तान के खिलाफ बनेगा इतिहास?
स्मृति मंधाना के लिए यह मुकाबला सिर्फ भारत-पाकिस्तान की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता तक सीमित नहीं रहने वाला है। उनके बल्ले से निकलने वाली हर रन इस रिकॉर्ड की दूरी को कम करेगी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या स्मृति पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बनाकर सुजी बेट्स का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगी? अगर ऐसा होता है तो एशिया कप में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला और भी यादगार बन जाएगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), रिचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और श्री चरणी।


