तेहरान : ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। इसी बीच दक्षिण ईरान से सामने आई एक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका की ओर से किए गए एक हवाई हमले की चपेट में शादी समारोह भी आ गया। इस हमले में एक 4 साल के बच्चे समेत कम से कम 5 लोगों की मौत होने का दावा किया गया है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह हमला होर्मोजगान प्रांत के सिरिक काउंटी के कोहस्तक इलाके में एक रिहायशी मकान पर हुआ। यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाने वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित है। जिस वक्त हमला हुआ, वहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
शादी के बीच मचा चीख-पुकार का माहौल
शादी का माहौल उस समय अचानक मातम में बदल गया, जब हवाई हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमले में कई लोग घायल हुए हैं और बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में 68 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRIB ने भी घटनास्थल के वीडियो और तस्वीरें जारी की हैं। इन दृश्यों में राहत और बचाव अभियान चलता दिखाई दे रहा है।
ईरान ने अमेरिका पर लगाया गंभीर आरोप
ईरान के भारत स्थित दूतावास ने घटना की तस्वीरें साझा करते हुए अमेरिका के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी है। दूतावास की ओर से आरोप लगाया गया कि दक्षिण ईरान के बंदरगाह कोहस्तक में शादी समारोह के दौरान यह हमला किया गया। ईरानी अधिकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसे युद्ध के दौरान मारे जा रहे आम नागरिकों की घटनाओं की कड़ी का हिस्सा बताया है।
पहले भी स्कूल पर हमले का किया गया था दावा
अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के दौरान ईरानी अधिकारियों ने मिनाब में लड़कियों के एक स्कूल पर हुए हवाई हमले में करीब 160 लोगों की मौत का दावा किया था। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मौजूदा घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इसे पहले हुई घटनाओं से अलग करके नहीं देखा जा सकता। हालांकि, मिनाब स्कूल हमले को लेकर अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन की ओर से अभी तक कोई अंतिम आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि यह हमला पुराने टारगेटिंग डेटा के इस्तेमाल की वजह से हुआ हो सकता है।
अमेरिका ने क्या कहा ?
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। ऐसे में शादी समारोह वाली जगह पर हमला कैसे हुआ और वहां मौजूद नागरिक इसकी चपेट में कैसे आए, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और मृतकों एवं घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आ रही हैं। लेकिन एक शादी में खुशियां मनाने के लिए जुटे लोगों के बीच हुई यह घटना पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की सबसे दर्दनाक तस्वीरों में से एक बन गई है।


