ढाका : भारत और बांगलादेश के बीच होने वाली क्रिकेट सीरीज को लेकर एक बार फिर अनिश्चितता बढ़ गई है। बांगलादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रमुख तमिम इक्बाल ने संकेत दिए हैं कि भारत के खिलाफ प्रस्तावित सीरीज की तारीखों में बदलाव हो सकता है। सीरीज की अंतिम पुष्टि होने के बाद ही बांगलादेश क्रिकेट का नया शेड्यूल तैयार किया जाएगा।
तमिम इक्बाल के मुताबिक, BCB 28 अगस्त से 9 सितंबर तक शेर-ए-बांगला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गेम डेवलपमेंट टूर्नामेंट आयोजित करने जा रहा है। इसमें अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं, भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर बातचीत जारी है और तारीखों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। भारत का कार्यक्रम भी इस सीरीज के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। भारतीय टीम 13 से 17 सितंबर के बीच नई दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। ऐसे में सितंबर में भारत-बांगलादेश सीरीज के आयोजन की संभावना काफी कम नजर आ रही है। बांगलादेश में अस्थिर परिस्थितियों के कारण यह सीरीज पहले भी टाली जा चुकी है।
BPL पर भी मंडरा रहा संकट
भारत-बांगलादेश सीरीज के साथ बांगलादेश प्रीमियर लीग (BPL) के आयोजन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले कुछ समय में लीग से जुड़े खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी को लेकर विवाद और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। तमिम इक्बाल ने कहा कि बांगलादेश क्रिकेट बोर्ड की आर्थिक स्थिति सुधारना जरूरी है। उनके अनुसार, पिछले दो सीजन में BPL के कारण बोर्ड को करीब 31 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। ऐसे में इस साल लीग आयोजित करने की कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने साफ किया कि जब तक लीग से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक हर साल प्रतियोगिता आयोजित करना जरूरी नहीं है। हालांकि, बोर्ड चाहता है कि BPL ऐसी प्रतियोगिता बने जिस पर पूरा बांगलादेश गर्व कर सके।
खिलाड़ियों से भी बातचीत
तमिम इक्बाल ने बताया कि बांगलादेश के घरेलू क्रिकेट का नया शेड्यूल तैयार करने का काम करीब 60 से 70 फीसदी पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि वह खुद खिलाड़ियों से बातचीत कर रहे हैं और उन्हें भरोसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों का असर खिलाड़ियों की कमाई पर भी पड़ेगा। हालांकि, खिलाड़ियों को भी यह समझना होगा कि BPL को मजबूत और बेहतर तरीके से आयोजित करना लंबे समय के लिए जरूरी है। फिलहाल भारत-बांगलादेश सीरीज की अंतिम तारीखों पर तस्वीर साफ नहीं हुई है। अब क्रिकेट फैंस की नजर BCB के अगले फैसले पर टिकी है।


