नागपुर : महा मेट्रो ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा ही नहीं, बल्कि उनकी परेशानी में भी उनके साथ खड़ी रहती है। इंदोरा चौक मेट्रो स्टेशन से चोरी हुई एक छात्रा की साइकिल को महा मेट्रो के सुरक्षा विभाग ने अपनी तत्परता से खोज निकाला और उसे वापस सौंप दिया। साइकिल मिलने के बाद छात्रा के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
जानकारी के अनुसार, जरीपटका निवासी रिधिमा गेडाम अपनी साइकिल इंदोरा चौक मेट्रो स्टेशन पर खड़ी कर मेट्रो से गई थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी साइकिल चोरी कर ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली रिधिमा के लिए यह साइकिल बेहद महत्वपूर्ण थी, क्योंकि कुछ समाजसेवियों ने उनकी पढ़ाई और रोजाना आने-जाने की सुविधा के लिए यह साइकिल उन्हें भेंट की थी। साइकिल चोरी होने से रिधिमा और उनकी मां काफी परेशान हो गईं। मामले की जानकारी मिलते ही महा मेट्रो के सुरक्षा विभाग ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। लगातार प्रयास और समन्वित कार्रवाई के बाद सुरक्षा टीम ने जरीपटका क्षेत्र से साइकिल बरामद कर ली।
इसके बाद इंदोरा चौक मेट्रो स्टेशन पर अधिकारियों की मौजूदगी में साइकिल रिधिमा को सौंप दी गई। अपनी साइकिल वापस पाकर छात्रा और उनकी मां भावुक हो गईं। इस बार उनकी आंखों में दुख नहीं, बल्कि खुशी के आंसू थे। रिधिमा ने महा मेट्रो के सुरक्षा विभाग का दिल से धन्यवाद देते हुए कहा कि कर्मचारियों ने पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ उनकी मदद की। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि महा मेट्रो यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधाओं और भरोसे को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।


