नागपुर : राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के भौतिकशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजय जानराव ढोबळे को ‘IP to IPO Award 2026’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
डॉ. ढोबळे को अब तक 149 पेटेंट हासिल करने की उपलब्धि के लिए इस सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया था। उनके शोध और नवाचारों को उद्योग क्षेत्र तक पहुंचाने तथा पेटेंट को व्यावसायिक उपयोग में लाने की दिशा में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश में होने वाले शोध को अधिक से अधिक पेटेंट के रूप में सामने लाना जरूरी है। साथ ही इन शोधों को उद्योग क्षेत्र से जोड़कर वास्तविक विकास में बदलने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर इंडिया एंजेल नेटवर्क की को-फाउंडर पद्मजा रुपेल, ऐफरी यूनिवर्सिटी एवं आईसीएमईआई के अध्यक्ष डॉ. संदीप मारवाह, पॉलिसी एडवोकेसी एवं मीडिया, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के वरिष्ठ सलाहकार शैलेश पाठक तथा लीन कैंपस स्टार्टअप के फाउंडर उमेश राठोड़ सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
डॉ. संजय ढोबळे की इस उपलब्धि पर राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे और प्रभारी कुलसचिव डॉ. विजय खंडाळ ने उनका अभिनंदन किया। एक शिक्षक और शोधकर्ता के रूप में 149 पेटेंट का आंकड़ा डॉ. ढोबळे की शोध यात्रा को खास बनाता है। ‘IP to IPO Award’ के जरिए उनके शोध को उद्योग और समाज के व्यापक उपयोग से जोड़ने की दिशा को भी प्रोत्साहन मिला है।


