नई दिल्ली,प्रशांत भोयर ( प्रतिनिधि) : हरिजन सेवक संघ के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर गांधी आश्रम, किंग्सवे कैंप, दिल्ली में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सरदार तरनजीत सिंह संधु ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी आजादी के आंदोलन के प्रणेता थे। उन्होंने अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को दुनिया के सामने एक मिसाल बनाया। उन्होंने कहा कि दुनिया के इतिहास में भारत का नाम दर्ज कराने वाले गांधीजी के आदर्शों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके आदर्श जीवन और विचारों का स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों में प्रचार-प्रसार करने का उन्होंने कुलपतियों, कुलगुरुओं एवं शिक्षकों से आह्वान किया। इस अवसर पर हरिजन सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. डॉ. शंकर कुमार सान्याल ने मुख्य अतिथि सरदार तरनजीत सिंह संधु का खादी की शॉल, पुष्पगुच्छ एवं महात्मा गांधी से संबंधित पुस्तक भेंट कर स्वागत एवं सत्कार किया।
समारोह में हरिजन सेवक संघ के सामाजिक एवं गांधीवादी मूल्यों से जुड़े कार्यों तथा समाजसेवा के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में हिंदुस्तानी सेवादल के अध्यक्ष बलराम भदोरिया, राष्ट्रीय महासचिव उर्मिला दीदी, श्रीमती शिखा दीदी, ऑल इंडिया नेचुरोपैथी वर्कर्स फेडरेशन नई दिल्ली के वर्किंग प्रेसिडेंट डॉ. अनिल वाघ, ऑल इंडिया कांग्रेस सेवा दल के समन्वय प्रकाशन रमेश द्विवेदी, TUCC के लेबर लीडर स्वामी संजय कटकमवार, पूर्व आयकर आयुक्त धनंजय धार्मिक, कुमारी सुनिधि गोगले, ऑल इंडिया सेवा दल के सचिव अजय चौधरी, डॉ. चंद्रा डुगरवार, लीगल एडवाइजर एडवोकेट गिरीश दादिरवार, राष्ट्रीय महासचिव संजय राय, संसद सदस्य नरेश यादव तथा नागपुर के फैशन डिजाइनर शेख मुख्तार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान सेवा दल के सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का श्रीफल देकर स्वागत किया गया। समारोह में हरिजन सेवक संघ के 94 वर्षों के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए आगे भी जनसेवा के कार्यों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।


