वियतनाम : वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास एक बड़ा समुद्री हादसा हुआ है। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक समुद्र में पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू सदस्य सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, स्पीडबोट समुद्र में आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। कई यात्री पानी में गिर गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। स्थानीय बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास भी सक्रिय हो गया है। दूतावास ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में विशेष कंट्रोल रूम तथा हेल्पलाइन शुरू की गई हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान अभी भी जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कई मीडिया रिपोर्टों में कुछ भारतीय पर्यटकों के हताहत होने की आशंका जताई गई है, हालांकि अंतिम आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


