मुंबई : मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। जुलाई महीने की किस्त का इंतजार कर रही लाखों महिलाओं को जल्द राहत मिल सकती है। महिला एवं बाल विकास विभाग को सामाजिक न्याय विभाग की ओर से 319.53 करोड़ रुपये का फंड ट्रांसफर किया गया है। ऐसे में पात्र महिलाओं के खातों में जल्द ही किस्त जमा होने की संभावना जताई जा रही है।
रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को है। ऐसे में उससे पहले लाडकी बहिण योजना की किस्त महिलाओं के खातों में जमा होने की उम्मीद बढ़ गई है। अगस्त महीना शुरू होने के बावजूद जुलाई की किस्त अब तक नहीं मिलने से कई महिलाएं सरकार की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही हैं।
जुलाई और अगस्त की किस्त एक साथ मिलेगी?
जुलाई की किस्त में देरी के कारण अब महिलाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जुलाई और अगस्त की दोनों किस्तें एक साथ मिलेंगी? दोनों महीने की राशि एक साथ मिलने पर लाभार्थियों को 3,000 रुपये मिलने की चर्चा है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों महीनों की राशि एक साथ दी जाएगी या सिर्फ एक महीने की किस्त जारी होगी। इसलिए 1500 रुपये मिलेंगे या 3000 रुपये, इसे लेकर अंतिम तस्वीर सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
80 लाख महिलाओं पर गिरी गाज
दरअसल, फरवरी 2025 से लाडकी बहिण योजना की लाभार्थी महिलाओं के आवेदनों की जांच शुरू की गई थी। इस जांच के दौरान दस्तावेजों में कमी, बैंक खाते की लिंकिंग नहीं होने और ई-केवाईसी पूरी नहीं करने जैसी कमियां सामने आईं। जांच के बाद करीब 80 लाख महिलाओं के आवेदन अपात्र पाए गए और उनका लाभ फिलहाल रोक दिया गया है। ऐसे में जिन महिलाओं के दस्तावेज पूरे हैं, बैंक खाता सही तरीके से लिंक है और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हीं पात्र लाभार्थियों को आगामी किस्त मिलने की संभावना है।
महिलाओं को अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फंड ट्रांसफर होने के बाद लाभार्थी महिलाओं की उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं। लेकिन पैसे किस तारीख को खाते में जमा होंगे और कितनी राशि मिलेगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि सरकार की ओर से होना अभी बाकी है। इसलिए महिलाओं को फिलहाल आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना होगा।


