श्रीनगर
श्रीनगर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी पर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के पलटवार के बाद भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने महबूबा मुफ्ती के बयान पर निशाना साधते हुए उन पर देशविरोधी और पाकिस्तान समर्थक सोच रखने का आरोप लगाया। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में कहा था कि देश में ‘नक्सली दिमाग’ को पनपने नहीं दिया जाएगा। इसके जवाब में महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि अगर आर्टिकल 370 का समर्थन करना ‘दिमागी नक्सल’ कहलाता है, तो वह भी ‘दिमागी नक्सल’ हैं। अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि यह नया भारत है, जहां आतंकवाद, नक्सलवाद और देश की एकता के खिलाफ किसी भी तरह की चुनौती को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भारत ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है और जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने जैसे बड़े फैसले भी लिए हैं।उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता से किसी को खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। भाजपा प्रवक्ता ने अपने बयान में ‘अखंड भारत’ की विचारधारा का भी उल्लेख किया और कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है।इसी दौरान अल्ताफ ठाकुर ने AICC मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ को लेकर उठे विवाद पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को भारत की स्वतंत्रता और राष्ट्रभावना से जुड़ा प्रतीक बताते हुए कांग्रेस नेताओं पर इसके कथित अपमान का आरोप लगाया। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए राजनीतिक आरोपों पर कांग्रेस की ओर से अलग प्रतिक्रिया दी गई है।महबूबा मुफ्ती के बयान और भाजपा की प्रतिक्रिया के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।


