शिमला : हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से वाहन चालकों की जेब पर एक बार फिर अतिरिक्त भार पड़ा है। राज्य सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल पर ‘अनाथ और विधवा कल्याण सेस’ लागू किया है। इस नए उपकर के चलते ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। सरकार के फैसले के मुताबिक पेट्रोल पर 50 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर अतिरिक्त सेस लगाया गया है। इससे शिमला में पेट्रोल की कीमत ₹102.45 से बढ़कर ₹103.05 प्रति लीटर हो गई है। वहीं, हाई-स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर अतिरिक्त उपकर लागू किया गया है।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग की अधिसूचना के अनुसार यह सेस हिमाचल प्रदेश वैट अधिनियम, 2005 की धारा 6-ए के तहत लगाया जाएगा। पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की पहली बिक्री के समय यह उपकर वसूला जाएगा।
अनाथ और विधवाओं के कल्याण पर खर्च होगा पैसा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने बजट सत्र के दौरान ‘हिमाचल प्रदेश मूल्यवर्धित कर (संशोधन) विधेयक, 2026’ को मंजूरी दी थी। इसके तहत राज्य सरकार को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल पर प्रति लीटर 5 रुपये तक विधवा और अनाथ कल्याण सेस लगाने का अधिकार दिया गया है। सरकार का कहना है कि इस सेस से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल राज्य के अनाथ बच्चों, निराश्रित महिलाओं और विधवाओं के कल्याण एवं सहायता के लिए किया जाएगा। हालांकि, ईंधन की कीमत बढ़ने से रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों के खर्च पर इसका सीधा असर पड़ेगा।


