देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता की चिंता बढ़ गई है। बीते 10 दिनों में तीसरी बार तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। शनिवार को जारी नई कीमतों के अनुसार पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में फिर बढ़ोतरी की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 15 मई को पहली बार करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को फिर लगभग 90 पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए और अब तीसरी बार कीमतों में इजाफा किया गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिसका असर फल-सब्जियों से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं तक पर पड़ सकता है।
दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता समेत कई बड़े शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के करीब या उससे ऊपर पहुंच चुका है। वहीं डीजल के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और सप्लाई संकट के कारण यह फैसला लेना पड़ा। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।


