नागपुर : नागपुर महानगरपालिका में स्वतंत्रता दिवस का पर्व देशभक्ति और उत्साह के माहौल में मनाया गया। मनपा परिसर में महापौर नीता ठाकरे ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उप महापौर लीला हाथीबेड, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर और स्थायी समिति सभापति शिवानी दानी सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रगीत के साथ तिरंगे को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया गया।
समारोह की खास बात यह रही कि आजादी के जश्न के साथ मनपा ने कर संग्रह व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ाया। डोर-टू-डोर संपत्ति कर वसूली को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए नवनियुक्त टैक्स कलेक्टर्स को POS मशीनें सौंपी गईं। अतिरिक्त आयुक्त अंकित (IAS) और अतिरिक्त आयुक्त एम. मुरुगानाथम (IAS) की मौजूदगी में महिला कर संग्रहकों मनीषा ढोके, साक्षी किरण भंवर, नेहा प्रेमदास खिरवाड़कर, पूनम केशव डोंगरे और शुभांगी मारोतराव नारे को डिजिटल POS मशीनें प्रदान की गईं।
मनपा की इस पहल का उद्देश्य घर-घर जाकर संपत्ति कर का डिजिटल भुगतान सुनिश्चित करना और कर संकलन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है। इसके जरिए मनपा ने 100 प्रतिशत टैक्स कलेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया है। यानी स्वतंत्रता दिवस पर जहां मनपा परिसर में तिरंगा लहराया, वहीं टैक्स वसूली में डिजिटल बदलाव की नई शुरुआत भी हुई।



