नागपुर बनेगा रक्षा निर्माण का नया केंद्र, राजनाथ सिंह ने किया मेगा प्रोजेक्ट का भूमि पूजन

नागपुर : देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को नागपुर स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्री अंबाझरी में 10,000 टन क्षमता वाली अत्याधुनिक एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में सुरक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना रक्षा, एयरोस्पेस, मिसाइल, रेलवे और परिवहन क्षेत्रों के लिए जरूरी एल्युमिनियम प्रोफाइल के स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देगी। इससे आयात पर निर्भरता कम होगी और देश की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक लड़ाकू विमान, मिसाइल और अंतरिक्ष कार्यक्रमों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली हल्की एवं मजबूत धातुओं की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से देश का रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये और रक्षा निर्यात 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत निर्धारित समय से पहले ही 3 लाख करोड़ रुपये के रक्षा उत्पादन और 50 हजार करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात के लक्ष्य हासिल कर लेगा। रक्षा मंत्री ने यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कॉर्पोरेटाइजेशन के बाद उत्पादन और निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा आधुनिक तकनीक में निवेश को औद्योगिक प्रगति का प्रमुख आधार बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश वैश्विक रक्षा बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना नागपुर और पूरे क्षेत्र को रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में रक्षा उत्पादन विभाग के सचिव संजीव कुमार, संयुक्त सचिव डॉ. गरिमा भगत, यंत्र इंडिया लिमिटेड के संचालन निदेशक एवं अतिरिक्त प्रभार वाले अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विजयकुमार अय्यर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts

NEET-UG री-एग्जाम के चलते मुंबई लोकल यात्रियों को बड़ी राहत, इस रविवार नहीं रहेगा मेगाब्लॉक

मुंबई : हर रविवार मुंबई लोकल के यात्रियों को मेगाब्लॉक के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और तकनीकी कार्यों के लिए कई लोकल सेवाएं…

नागपुर में महिला उत्पीड़न और कथित धर्मांतरण मामले पर बढ़ा विवाद, भाजपा युवा मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन

नागपुर: सोनेगांव क्षेत्र में सामने आए महिला उत्पीड़न, कथित धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग के मामले को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा युवा…