नई दिल्ली: बुधवार की भारी गिरावट के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने दमदार वापसी की। एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते घरेलू बाजार में शुरुआत से ही खरीदारी का माहौल देखने को मिला। इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों पर साफ नजर आया।
सुबह करीब 10 बजे बीएसई सेंसेक्स 617.50 अंक यानी 0.81 फीसदी की बढ़त के साथ 77,121.10 पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 185.55 अंक यानी 0.78 फीसदी चढ़कर 24,067.60 के स्तर पर पहुंच गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को सेंसेक्स 1,677.12 अंक टूटकर 76,503.60 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 516.65 अंक की गिरावट के साथ 23,882.05 पर आ गया था।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयर बढ़त के साथ खुले। इटरनल, टाइटन, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। वहीं इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और रिलायंस के शेयर दबाव में कारोबार करते नजर आए। ब्रॉडर मार्केट में भी मजबूती का रुख रहा। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब 1 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी सेक्टर करीब 2 फीसदी तक चढ़े, जबकि आईटी सेक्टर में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट रही। एनएसई पर 2,211 शेयरों में तेजी, 405 में गिरावट और 84 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार करते दिखे। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग स्थिर रहा। बुधवार को रुपया 95.5550 पर बंद हुआ था, जबकि गुरुवार को इसकी शुरुआत 95.55 के स्तर पर हुई।
वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रही। ब्रेंट क्रूड करीब 78.92 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा, जो 1.15 फीसदी की बढ़त दर्शाता है। पश्चिम एशिया में बढ़े भू-राजनीतिक तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रम के चलते कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।


