घर के बाहर शोर का विरोध करना पड़ा भारी, मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की बेरहमी से हत्या

8-9 लोगों ने किया हमला, इलाज के दौरान 55 वर्षीय संगीतकार ने तोड़ा दम

नई दिल्ली : दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके के किलोकरी में रहने वाले प्रसिद्ध मणिपुरी संगीतकार और गिटारवादक चोंगथम विक्रम सिंह (55) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि घर के बाहर हो रहे तेज शोर और हंगामे का विरोध करना उन्हें भारी पड़ गया। रविवार देर रात कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शोर कम करने की अपील पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे विक्रम सिंह घर से कचरा फेंकने के लिए नीचे आए थे। इसी दौरान उनके घर के पास मौजूद एक ढाबे के कुछ कर्मचारी और डिलीवरी बॉय कथित तौर पर शराब के नशे में तेज आवाज में हंगामा कर रहे थे। विक्रम सिंह ने उनसे शोर कम करने और शांत रहने की अपील की। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर उनके और वहां मौजूद लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि करीब 8 से 9 लोगों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।

जान बचाकर भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा

हमले से बचने के लिए विक्रम सिंह अपने तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट की ओर भागे। आरोप है कि हमलावरों ने उनका पीछा किया और इमारत के पैंसेज में उन्हें पकड़ लिया। वहां उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया। शोर सुनकर उनका 20 वर्षीय बेटा बाहर आया तो विक्रम सिंह अर्ध-बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत ओखला स्थित होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

संगीत की दुनिया में थी अलग पहचान

चोंगथम विक्रम सिंह मणिपुर के जाने-माने संगीतकार और गिटारवादक थे। वह पिछले करीब 20 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे और संगीत सिखाने का काम कर रहे थे। संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले विक्रम सिंह की इस तरह हुई मौत ने उनके परिवार, परिचितों और कलाकार समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद पूर्वोत्तर भारत से जुड़े लोगों, कलाकारों और विभिन्न छात्र संगठनों में भी आक्रोश देखने को मिला है। संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। एक मामूली-सी आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

प्रेमानंद महाराज पर बनेगी फिल्म ‘राधा अंश’? विराट-अनुष्का की एंट्री की भी चर्चा

प्रेमानंद महाराज को मानने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ‘हनुमान अंश’ फिल्म की सफलता और उसके अगले भाग को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब प्रेमानंद…

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर बड़ी अपडेट, भारत से पहले इस देश में होगी रिलीज

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। रणबीर कपूर फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता…