बॉलीवुड अभिनेता विजय वर्मा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री और गायिका आलिया कुरेशी के साथ उनकी डेटिंग की खबरें सुर्खियों में हैं। अब आलिया के नए गाने ‘झल्ली’ के लॉन्च इवेंट से दोनों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विजय अपनी गर्लफ्रेंड को चीयर करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका यह अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
आलिया की परफॉर्मेंस पर फिदा दिखे विजय
आलिया कुरेशी के नए एल्बम सॉन्ग ‘झल्ली’ के मौके पर एक पार्टी आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में विजय वर्मा भी पहुंचे। जब आलिया सबके सामने अपने गाने पर परफॉर्म कर रही थीं, तब विजय सामने खड़े होकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। वह तालियां बजा रहे थे, सीटियां मार रहे थे और अपने मोबाइल में आलिया की परफॉर्मेंस का वीडियो भी रिकॉर्ड कर रहे थे।
विजय के चेहरे के हावभाव और आलिया को देखने का उनका अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। किसी अपने को आगे बढ़ते और अच्छा प्रदर्शन करते देखकर जिस तरह खुशी होती है, कुछ वैसा ही भाव विजय के चेहरे पर भी नजर आया। यही वजह है कि इवेंट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस साल से शुरू हुई डेटिंग की चर्चा
विजय वर्मा और आलिया कुरेशी के रिश्ते को लेकर इस साल की शुरुआत से ही चर्चाएं हो रही हैं। दोनों को कई बार सार्वजनिक कार्यक्रमों, आउटिंग और डिनर के दौरान साथ देखा गया है। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उनकी साथ में मौजूदगी अक्सर लोगों का ध्यान खींचती है।
इससे पहले विजय वर्मा का नाम अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के साथ जुड़ा था। दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और उनके रिश्ते को लेकर शादी की चर्चाएं भी हुई थीं। हालांकि, बाद में दोनों अलग हो गए। अब आलिया के साथ विजय की नजदीकियों को लेकर एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी चर्चा में है।
कौन हैं आलिया कुरेशी?
आलिया कुरेशी एक गायिका, अभिनेत्री और लेखिका हैं। वह साल 2023 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह इब्राहिम अली खान और खुशी कपूर की फिल्म ‘नादानियां’ में भी दिखाई दीं। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ में भी उन्होंने काम किया है।
आलिया ने गायिका के तौर पर भी अपनी पहचान बनाई है। साल 2018 में उनका सिंगल ‘प्रीटी’ रिलीज हुआ था। इसके बाद उन्होंने ‘मुकद्दर’, ‘पराये’ और ‘डोंट कम बैक’ जैसे गानों के जरिए संगीत की दुनिया में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। ‘बंदिश बैंडिट्स’ का गाना ‘यू एंड आई’ भी उन्होंने कंपोज किया था। फिलहाल उनका नया गाना ‘झल्ली’ चर्चा में है। वहीं, इस गाने के लॉन्च इवेंट में विजय वर्मा का प्यार भरा अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।


