काम की तलाश में निकले मजदूरों पर टूटा कहर, ट्रक-पिकअप की भिड़ंत में 6 की मौत

3 साल के मासूम की भी गई जान, 7 लोग गंभीर रूप से घायल; हादसे के बाद मौके पर मचा चीख-पुकार

गोंदिया : रोजगार की तलाश में अपने घर से निकले मजदूरों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनका यह सफर इतना दर्दनाक बन जाएगा। गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा गांव के पास सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महज तीन साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरणापुर क्षेत्र के रहने वाले मजदूर पिकअप वाहन से तेलंगाना के जगतीहाल और करीमनगर में रोजगार के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नागरा गांव के पास गोंदिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

अस्पताल पहुंचने से पहले थम गईं छह सांसें

हादसे में तीन वर्षीय आरुष मात्रे समेत छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आरुष मात्रे (3), किरण संतोष वैद्ये (26), संतोष मात्रे (38), सुशीला मात्रे (35), रूपसेन सत्यकर (35) और ज्योती सत्यकर (32) के रूप में हुई है। वहीं, भुमेश्वर मात्रे (47), संगीता मात्रे (35), राजेंद्र पंचाले (30), लक्ष्मी पंचाल (27), संतोष वैद्ये (38), राकेश बाहे (24) और पिकअप चालक संदीप बाहे घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए गोंदिया के केटीएस जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर जुटी भीड़, अपनों को खोने का दर्द

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। चारों तरफ अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। एक साथ छह लोगों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। रोजगार की तलाश में निकला यह सफर कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा आखिर किस वजह से हुआ और ट्रक की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

जूनियर कॉलेज के 10 हजार शिक्षकों पर अतिरिक्त होने का खतरा!

नागपुर : अनुदानित जूनियर कॉलेजों में पढ़ाने वाले हजारों शिक्षकों के लिए नई संचमान्यता चिंता का कारण बन गई है। 2025-26 के लिए पहले जहां कक्षा और तुकड़ी के आधार…

बेलतरोड़ी में आधी रात फायरिंग, दो युवक गंभीर; इलाके में मचा हड़कंप

नागपुर : पोला और मारबत उत्सव को देखते हुए शहर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त था। इसी बीच बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में आधी रात के बाद हुई फायरिंग ने सुरक्षा…