अमेरिका में भारत की एक बड़ी औद्योगिक कंपनी अब एक बड़े प्रोजेक्ट के साथ कदम बढ़ाने जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी Essar Group अमेरिका के आयोवा राज्य में अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बनाएगी। इस परियोजना में करीब 15 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश किया जाएगा।
यह घोषणा सोमवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में की गई। इस मौके पर Essar Group के सह-संस्थापक रवि रुइया और उनके बेटे रेवंत रुइया भी मौजूद थे। ट्रंप ने खुद इस परियोजना को अमेरिका के स्टील क्षेत्र के लिए एक बड़ी घोषणा के तौर पर सामने रखा। ट्रंप ने कहा कि Mesabi Metallics अमेरिका के महान राज्य आयोवा में देश के इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बनाएगी। इस घोषणा के साथ Essar Group की अमेरिका में औद्योगिक मौजूदगी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
भारत से जुड़ी किसी कंपनी की इतनी बड़ी परियोजना की घोषणा ने खास तौर पर उद्योग जगत का ध्यान खींचा है। अब इस बड़े निवेश के साथ अमेरिका में स्टील उत्पादन के क्षेत्र में Essar Group की भूमिका किस तरह आगे बढ़ती है, इस पर नजर रहेगी।


